जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के कुंज नगर में बुधवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. घटना के दौरान महिला को हल्की चोट भी लगी. दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे और लाल-काली रंग की पैशन प्रो बाइक पर सवार थे. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, महिला अपने बच्चे को कारमेल जूनियर स्कूल छोड़ने गई थी. बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने महिला की दो बार रेकी की. महिला को इसका अंदाजा नहीं हुआ. मौका मिलते ही दोनों बदमाश चलती बाइक से महिला के पास पहुंचे और उसके गले से सोने की चेन झपट ली. (नीचे भी पढ़ें)

अचानक हुई छिनतई के दौरान महिला को हल्की चोट लगी. उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी देने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बदमाश तेज गति से फरार हो चुके थे. घटना की सूचना मिलने पर सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों संदिग्ध बदमाशों की तस्वीरें सामने आई हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है. सुबह के समय स्कूल से लौट रही महिला को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है.




