जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है. बताया जाता है कि वह पिछले कई दिनों से सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत था. लेकिन अंतिम समय में मेडिकल बोर्ड ने उसको एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. उसके बाद उसको अस्पताल ले जाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पीएम बाड़ा ने बताया कि जेल में तबीयत खराब होने के बाद राघव को 12 सितंबर को सदर अस्पताल लाया गया था. यहां उसकी कुछ चिकित्सकीय जांच कराई गई, लेकिन बीमारी का सटीक आकलन नहीं हो सका. इसके बाद मेडिकल बोर्ड ने बेहतर जांच के लिए उसे एमजीएम रेफर करने का निर्णय लिया है. कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे एमजीएम भेजा गया है. निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस पूछताछ के बीच 29 अगस्त को राघव की तबीयत बिगड़ी थी. पुलिस उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर गई थी, जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे टीएमएच रेफर कर दिया था. इलाज के बाद उसे टीएमएच से छुट्टी मिली और पुलिस ने न्यायिक हिरासत में सरायकेला जेल भेज दिया.




