
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत रोड नंबर 5 के पास बीते दिनों गैंगवार मामले में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जेल भेजे गए अपराधियों में रविदास गैंग के निर्मल नगर निवासी प्रहलाद धीबर, रूपनगर निवासी विशाल दत्ता, लालटू महतो और खुंटाडीह निवासी राकेश प्रसाद उर्फ जीतू शामिल है. प्रहलाद, विशाल और लालटू ने सियाल पर गोली चलाई थी वहीं घटना के बाद देर शाम राकेश ने रविदास के भाई धनंजय पर चाकू से हमला कर दिया था. इस घटना में दोनों पक्ष की ओर से कुल 15 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी. बता दें की बीते दिनों रविदास गैंग ने हेते गिरोह के सियाल को गोली मारकर घायल कर दिया था. गोली सियाल की पीठ पर लगी थी. घटना के बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम ले जाया गया था, जहां से पहले टीएमएच और फिर रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया था. वहीं देर शाम सियाल के साथियों ने थाना जा रहे रविदास के भाई धनंजय दास को थाना के बाहर चाकू मारकर घायल कर दिया था. पुलिस अन्य अपराधियों की तलाश कर रही है.






