जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह स्थित सांस्कृतिक संस्था सौरभ की ओर से स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर अपने उस्ताद अलाउद्दीन खां ऑडिटोरियम में एक संगीत संध्या का आयोजन किया गया. दो चरणों में विभाजित इस आयोजन के प्रथम चरण में संस्था की छात्रा ने उद्बोधन संगीत प्रस्तुत किया. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह के मुख्य अतिथि बेलुर मठ के स्वामी कृपाकर नंदा को संस्था के अध्यक्ष सुजीत मुखर्जी ने शॉल ओढ़ाकर, पुष्प स्तवक एवं स्वर्ण जयंती स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया. प्रारंभ में अध्यक्ष सुजीत मुखर्जी ने संस्था के पचास साल का संक्षिप्त विवरण पेश किया, जबकि मुख्य अतिथि कृपाकर नंदा जी ने अपने आशीर्वचन दिये. महाराज जी ने उच्चांग संगीत की प्रस्तुति कर सब का दिल जीत लिया. उनके साथ नगर के प्रसिद्ध तबला वादक अमिताभ सेन व हारमोनियम पर सुजन चटर्जी ने संगत की. दूसरे चरण में सुप्रसिद्ध सितार वादक पंडित असीम चौधरी ने सितार वादन किया. उनके साथ तबले पर महाराष्ट्र के प्रसिद्ध तबला वादक यशवंत वैष्णव ने संगत की. संस्था के सचिव असीम मोइत्रा, पूरबी घोष, जया लाहिरी और जया मुखर्जी ने सभी कलाकारों का पुष्प स्तवक एवं स्वर्ण जयंती स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में नवेंदु पाल, किशोर भौमिक, शरदिंदु भट्टाचार्जी, शुभ्रशेखर मुखर्जी, विश्वनाथ मित्र, स्वपन दास, स्वपन मुखर्जी, श्यामल चटर्जी आदि ने अहम भूमिका निभाई.



