जमशेदपुर : सोमवार सुबह एमजीएम थाना क्षेत्र के बेताकोचा स्थित एक फैक्ट्री के बाहर खड़े कंटेनर में रस्सी के सहारे फांसी पर झूलता एक शव मिलने से सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को शीतगृह में रखवाने की प्रक्रिया शुरू की गयी. मृतक की पहचान आधार कार्ड और लाइसेंस से राजस्थान के अलवर जिला अंतर्गत मुंडावर थाना क्षेत्र के बालूबास गांव निवासी हवा सिंह यादव (41) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, उसने रविवार देर रात कंटेनर संख्या आरजे02 जीबी,1528 के ऊपर लगे पाइप के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटनास्थल से हेडफोन और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था और संभवतः किसी बात को लेकर तनाव या गुस्से में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. एमजीएम पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान उसके आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर हुई. पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है.







