रांची / जमशेदपुर : रविवार रात से जमशेदपुर समेत कोल्हान में बढ़ती उमस ने लोगों के तर बतर कर रखा है. वहीं सोमवार सुबह से ही लोग तीखी धूप और बढ़ती उमस से परेशान है. कुछ घंटे बाद गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रांची, सिमडेगा, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में आंधी पानी का अलर्ट है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
रविवार को डाल्टेनगंज जिला रहा सबसे गर्म : मौसम विभाग के अनुसार रविवार को डाल्टेनगंज जिले का तापमान सबसे अधिक 41.0 डिग्री रहा. वहीं गुमला जिले का तापमान सबसे कम 21.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री, रांची का 35.0 डिग्री, बोकारो का 40.1 डिग्री और चाईबासा का 38.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई. इस दौरान पाकुड़ में 10.0 एमएम, गुमला में 4.0 एमएम और सिमडेगा में 1.0 एमएम दर्ज किया गया.
अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम : मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार सोमवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी एवं निकटवर्ती मध्य (हजारीबाग, कोडरमा) भागों को छोड़कर शेष भागों में बारिश का अनुमान है. अगले पांच दिन अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. दिन में उमस और शाम में बारिश का अनुमान है.


















