जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां प्रेमिका द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद एक युवक ने कथित तौर पर वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 33 वर्षीय सावन कर्मकार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार बिरसानगर रोड नंबर-3 निवासी सावन कर्मकार का बिरसानगर रोड नंबर-4 में रहने वाली एक महिला के साथ प्रेम संबंध था. दोनों पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी हैं. बताया जाता है कि सावन अपने परिवार से अलग रह रहा था और अपनी प्रेमिका पर परिवार छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
बुधवार देर रात शादी को लेकर दोनों के बीच फिर बहस हुई. आरोप है कि इसके बाद सावन ने अपनी प्रेमिका को वीडियो कॉल किया और शादी नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. इसी दौरान उसने वीडियो कॉल पर ही फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलते ही महिला मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सावन फंदे से झूल चुका था. सूचना पर सिदगोड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा और तत्काल मर्सी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है. हालांकि परिजनों ने अभी तक पोस्टमार्टम नहीं कराया है. दूसरी ओर, मृतक के परिजन युवक की प्रेमिका पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अकरम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेमिका से विवाद के बाद वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाने की बात सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और प्रेमिका से पूछताछ की जा रही है. यदि किसी व्यक्ति में आत्महत्या के विचार, निराशा या मानसिक संकट के संकेत दिखाई दें, तो तत्काल परिवार, मित्रों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सहायता लेना बेहद महत्वपूर्ण है.







