जमशेदपुर: जमशेदपुर में आत्महत्या की कोशिश के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. मंगलवार को सोनारी डोबो ब्रिज पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब एक अज्ञात युवती ने स्वर्णरेखा की डोबो नदी में छलांग लगाने का प्रयास किया. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह उसे बचा लिया. कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाले जाने पर आसपास के लोगों ने युवती को शांत कराया और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया. घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपनी अभिरक्षा में ले लिया. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल युवती की पहचान और उसके द्वारा यह कदम उठाने की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की तहकीकात में जुटी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से सोनारी डोबो ब्रिज पर आत्महत्या की कोशिश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. अलग-अलग कारणों से कई लोग इस खतरनाक कदम को उठाने की कोशिश करते रहे हैं. लोगों का मानना है कि पुल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए.



