जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह ह्यूमपाइप कल्याण नगर निवासी कुणाल गुप्ता (33) ने आत्महत्या कर ली. घटना गुरुवार 21 जुलाई शाम 4 बजे की है. कुणाल साकची में कार पार्किंग में पैसे वसूली का काम करता था. कुणाल के परिजनों का आरोप है कि वही पार्किंग में कुणाल के साथी दीपक पांडेय ने कुणाल गुप्ता से ढाई लाख रुपए कर्ज के रूप में ले रखा था. कुणाल ने अपनी बाइक और कार समेत सोने की चेन और अंगूठी बेचकर दीपक पांडेय को कर्ज दिया था. आत्महत्या से पहले कुणाल ने दीपक से कई बार अपने पैसे वापस मांगे और अपनी मां से भी फोन पर बात करवाया. पहले तो दीपक ने कहा कि वह पैसे लौटा देगा, लेकिन अचानक कुणाल के सामने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसके बाद कुणाल ने अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया. रात 8 बजे कुणाल के 10 वर्षीय बेटे ने सीढ़ी लगाकर बालकोनी से झांका तो पिता को पंखे से लटका पाया, जिसके बाद कुणाल के भाई गोलू गुप्ता ने बालकोनी से कमरे में प्रवेश कर शव को पंखे से उतारा और सीतारामडेरा थाना को घटना की सूचना दी. पुलिस ने कुणाल के कमरे से एक डायरी और मोबाइल बरामद किया है, जिसमें पैसे लेनदेन की पूरी घटना, लिखी हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.






