जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत रामजनम नगर में सोमवार की दोपहर एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 28 वर्षीय प्रिंस सिंह, पिता सुरेश सिंह के रूप में हुई है. घटना की सूचना पर कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर परिजनों ने जब दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलते देखा तो उन्होंने तोड़कर अंदर प्रवेश किया. (नीचे भी पढ़े)
अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए. प्रिंस का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था. परिजनों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी. मृतक के पिता सुरेश सिंह ने बताया कि करीब एक साल पहले प्रिंस ने एक शादीशुदा महिला से प्रेम विवाह किया था, जिसकी पहले से तीन संतानें हैं. परिजनों के अनुसार, हाल के दिनों में प्रिंस मानसिक और आर्थिक दोनों रूप से परेशान चल रहा था. कुछ दिनों से उसकी पत्नी अपने मायके पंजाब गई हुई थी. पत्नी के दूर चले जाने और आर्थिक तंगी के कारण वह अवसाद में रहने लगा था. पिता ने आशंका जताई है कि इन्हीं कारणों से प्रिंस ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इधर पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है.














