जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 15 स्थित आकाश ग्रीन अपार्टमेंट के गौरी ए ब्लॉक, फ्लैट नंबर 504 में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई. यहां रहने वाली गौरी नाग 51 वर्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरी नाग पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और परेशानी से जूझ रही थीं. शुक्रवार को घटना के समय उनके पति और बेटी घर पर मौजूद थे. बताया जाता है कि गौरी नाग अपने कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी समय तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों को चिंता हुई. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया. कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए. गौरी नाग फंदे से लटकी हुई मिलीं. आनन-फानन में इसकी सूचना मानगो थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. (नीचे भी पढ़ें)
शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. परिजनों और आसपास के लोगों के अनुसार, गौरी नाग लंबे समय से मानसिक परेशानियों का सामना कर रही थीं. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है. घटना ने परिवार और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है.







