चाकुलिया : चाकुलिया वन क्षेत्र में विगत 2-3 वर्षों से हाथियों के आने जाने से क्षेत्र में काफी जानमाल और फसलों का नुकसान हुआ है. हाथियों के आतंक को कम करने के लिए विभाग द्वारा काफी पहल किया गया परंतु हाथियों पर अंकुश लगाने में अबतक वन विभाग नाकाम साबित हुआ है. विभाग ने अबतक क्यूआरटी टीम, पटाखों का इस्तेमाल, मधुमक्खी पालन और अन्य पारंपरिक उपाय को अपनाया इसके बावजूद हाथियों का आतंक क्षेत्र में कम नहीं हुआ. हाथी और मानव संघर्ष को कम करने के लिए हाथी प्रभावित क्षेत्रों में अब वन विभाग द्वारा एआई कैमरे लगाए जाएंगे. इन कैमरों के जरिए गांवों की और आने वाले हाथियों के गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और खतरे से पहले ही ग्रामीणों को अलर्ट किया जाएगा. एआई कैमरा एक आधुनिक तकनीक से लैस स्मार्ट कैमरा है. यह हाथियों की पहचान स्वत:कर सकता है. कैमरा हाथियों की गतिविधि, आकार और मूवमेंट पहचान कर तुरंत अलर्ट जारी करता है. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही यह रोशनी, रंग और फोकस को खुद से एडजस्ट कर दिन और रात दोनों समय स्पष्ट निगरानी करने में सक्षम है. एआई कैमरा मशीन लर्निंग और कम्प्यूटर विजन तकनीक पर आधारित है. कैमरा जैसे ही हाथियों की मौजूदगी पहचानता है तुरंत सायरन और चैतावनी सिस्टम एक्टिव हो जाता है. यह तकनीक कम रोशनी और रात के अंधेरे में भी प्रभावी ढंग से काम करती है.







