जमशेदपुर : जमशेदपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यिक संस्था “सुरभि” के द्वारा 28 फरवरी शनिवार को बिष्टुपुर नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल के कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में संध्या 5.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक देश के कतिपय सर्वश्रेष्ठ कवियों को आमंत्रित कर “अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन” का आयोजन किया जा रहा है. कवि सम्मेलन में देश के हास्य-व्यंग्य एवं ओज-श्रृंगार विधा के कई प्रतिष्ठित एवं चर्चित कवि एवं कवयित्री भाग ले रहे हैं. “सुरभि” के अध्यक्ष गोविन्द दोदराजका (अग्रवाल) ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कवि सम्मेलन के उद्घाटन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी अनुमति प्रदान कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
“सुरभि” के संस्थापक अध्यक्ष गोविन्द दोदराजका ने बताया कि आमंत्रित कवि संतोष आनन्द देश के सबसे सुमधुर गीतकार हैं और अनेकों बार उन्हें सर्वश्रेष्ठ गीतकार के लिए फिल्म फेयर अवार्ड मिला है. फिल्म शोर, पूरब और पश्चिम्, प्रेम रोग, रोटी कपड़ा और मकान, कांति एवं प्यासा सावन के गीत आज भी लोग दिल से गुनगुनाते हैं. उनका एक गीत – “इक प्यार का नगमा है” को मिलेनियम पुरस्कार से नवाजा गया है. अन्य कवियों में राजस्थान कोटा के डॉ आदित्य जैन-कोटा, मध्यप्रदेश मंदसौर के मुन्ना बैटरी, महाराष्ट्र उज्जैन के हिमांशु बवंडर, मध्यप्रदेश इंदौर के चेतन चर्चित इंदौर, उत्तर प्रदेश लखनऊ के शशि श्रेया और नागपुर की श्रद्धा शौर्य-नागपुर देश के प्रतिष्ठित कवि और स्थापित कवि एवं कवियित्री है. ये सभी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे, हंसाएंगे और चुटीली हास्य-व्यंग्य रचनाओं से समाज और देश की स्थितियों से रूबरू कराएंगे. इस कार्यक्रम का संचालन डॉ आदित्य जैन के द्वारा किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उल्लेखनीय है कि “सुरभि’ पिछले पच्चीस वर्षों से हर बार होली के अवसर पर सफलतापूर्वक अखिल भारतीय स्तर के कवि सम्मेलनों का अत्यंत भव्यता के साथ आयोजन करती आ रही है और इस कार्यक्रम के लिए नगर के सुधी श्रोताओं को बड़ी बेसब्री से इस आयोजन का इंतजार रहता है. कवि सम्मेलन में प्रवेश निःशुल्क है, किंतु प्रवेश आमंत्रण-पत्र के द्वारा होगा. प्रवेश पत्र के लिए “सुरभि” के कार्यालय : बिष्टुपुर एल रोड 3/6 स्थित एचएस टावर में संपर्क किया जा सकता है. प्रवेश पत्र के लिए चन्द्रदेव सिंह राकेश, मो० नं0 7542032508 एवं ओमप्रकाश – 9431112564 से भी संपर्क किया जा सकता है.




