जमशेदपुर : झारखंड की पावन धरा एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, आगामी 26 फरवरी को जमशेदपुर के दौरे पर रहेंगी. अवसर है श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट के भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम का. महामहिम की गरिमामयी उपस्थिति में होने वाला यह आयोजन राज्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा राष्ट्रपति के आगमन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं. इस वृहद आयोजन को सफल बनाने के लिए ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एसके बेहरा दिन-रात एक किए हुए हैं. उनके कुशल नेतृत्व में ट्रस्ट की पूरी टीम आयोजन स्थल पर सक्रिय है और हर सूक्ष्म विवरण पर बारीकी से काम कर रही है. इस कार्य में झारखंड सरकार, जिला प्रशासन और टाटा स्टील की टीमें भी कंधे से कंधा मिलाकर जोर-शोर से जुटी हुई हैं. जिले के उपायुक्त तथा वरीय पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
श्री बेहरा और उनकी टीम के सदस्य प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अन्य प्रोटोकॉल सुनिश्चित करने में लगे हैं, ताकि महामहिम का स्वागत अद्वितीय हो. एक ओर जहां कार्यक्रम स्थल पर निर्माण और सजावट का काम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर मैनेजिंग ट्रस्टी एसके बेहरा स्वयं ट्रस्ट के अन्य सदस्यों के साथ गणमान्य अतिथियों को न्योता देने और स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं. इसी क्रम में, श्री बेहरा ने हाल ही में रांची जाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का औपचारिक निमंत्रण सौंपा. झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को भी इस पावन अवसर पर शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. मैनेजिंग ट्रस्टी एसके बेहरा ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है कि राष्ट्रपति ने हमारे निमंत्रण को स्वीकार किया है. श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चेरिटेबल सेंटर ट्रस्ट सिर्फ़ एक आध्यात्मिक केंद्र नहीं बल्कि बल्कि प्रेम, सेवा और संस्कृति का एक वैश्विक केंद्र बनेगा. हमारी पूरी टीम और प्रशासन इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.




