जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में नवविवाहिता काजल कुमारी की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. करीब आठ माह पहले व्याही गयी काजल कुमारी ने 30 दिसंबर को अपने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी. मामले में मृतका के मायका पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ बागबेड़ा थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मायका पक्ष की शिकायत पर काजल के पति आशीष कुमार सिंह और ससुर रामबदन सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है. दोनों आरोपी बागबेड़ा के रामनगर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वहीं मृतका काजल कुमारी का मायका बागबेड़ा लाल बिल्डिंग चौक के समीप है. मायका पक्ष का आरोप है कि काजल कुमारी की शादी अप्रैल 2025 में टाटा स्टील में ठेकाकर्मी के रूप में कार्यरत आशीष कुमार सिंह से हुई थी. शादी के कुछ ही दिनों बाद से काजल को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा. लगातार पैसों और अन्य सामानों की मांग को लेकर उस पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया जाता था. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि आशीष कुमार सिंह का किसी दूसरी लड़की के साथ अवैध संबंध था. इस बात की जानकारी जब काजल को हुई तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. इसके बाद काजल पर दहेज लाने का दबाव और बढ़ा दिया गया. मायका पक्ष का कहना है कि ससुराल में उसे लगातार आत्महत्या के लिए उकसाया जाता था. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जिस समय काजल ने फांसी लगाई, उस वक्त पति आशीष कुमार सिंह घर पर मौजूद नहीं था. सूचना मिलने के बाद जब वह घर पहुंचा तो काजल को फंदे से लटका हुआ पाया गया. इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी गयी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा.















