जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा स्थित भारतीय तरुण संघ के द्वारा वरिष्ठ शिक्षाविद और समाजसेवी डॉ एमएस सिंह मानस को संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है. भारतीय तरुण संघ के न्यासी मंडल, संरक्षक मंडल और कार्यकारिणी समिति के द्वारा डॉ मानस को सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया. शनिवार को संघ के महामंत्री के पी सिंह और सचिव अजीत कुमार सिंह की उपस्थिति में डॉ मानस ने भारतीय तरुण संघ के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया. (नीचे भी पढ़ें)
भारतीय तरुण की स्थापना लगभग चार दशक पहले तत्कालीन शिक्षाविद स्व शिवाजी सिंह, डॉ बच्चन पाठक सलिल और अन्य ने मिलकर शैक्षणिक विकास के लिए की थी. बॉटनी में एमएससी, पर्सनल में एमबीए और इंडस्ट्रियल रिलेशंस विषय में पीएचडी की योग्यता रखने वाले डॉ एमएस सिंह मानस टाटा स्टील की टाटा वर्कर्स यूनियन के माइकल जॉन रिसर्च सेंटर में फैकल्टी हैं तथा कई डीम्ड यूनिवर्सिटी में भी गेस्ट प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं देते रहे हैं. टाटा स्टील और यहां के श्रम आंदोलन के इतिहास पर पांच पुस्तकें लिख चुके हैं. डॉ मानस पत्रकारिता से भी दो दशक से जुड़े रहे हैं और कई प्रतिष्ठित समाचार पत्र पत्रिकाओं के लिए भी लिखते रहे हैं. डॉ मानस सामाजिक क्षेत्र में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री और अंतरराष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना फाउंडेशन के संस्थापक सह मुख्य संरक्षक भी हैं.(नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर के शास्त्रीनगर, कदमा स्थित भारतीय तरुण संघ के द्वारा वर्तमान में जैक बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त एक हाईस्कूल, एक मिडिल स्कूल और एक कोचिंग संस्थान भी चलाया जाता है, जिसमें अत्यंत गरीब और स्लम एरिया के बच्चे पढ़ते हैं. अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के अवसर पर डॉ एमएस सिंह मानस ने संस्था के न्यासी मंडल, संरक्षक मंडल और सभी आजीवन सदस्यों और वहां कार्यरत शिक्षकों के प्रति धन्यवाद और आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में भारतीय तरुण संघ के चहुंमुखी विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे.














