जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भविष्य निधि (पीएफ) भुगतान का मामला एक बार फिर जोर पकड़ने लगा है. मंगलवार को एआइटीयूसी के महासचिव रामजीवन कामत के नेतृत्व में यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीएफ कमिश्नर से मुलाकात कर लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे की मांग करते हुए मांगपत्र सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
एआइटीयूसी के अध्यक्ष अंबुज कुमार ठाकुर ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक सेवानिवृत्त हुए कई कर्मचारियों का पीएफ सेटलमेंट अब तक नहीं हो पाया है. सेवानिवृत्ति के सात महीने बीत जाने के बावजूद भुगतान लंबित रहने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि वर्षों तक कंपनी की सेवा देने वाले कर्मचारियों को समय पर उनका हक मिलना चाहिए, लेकिन भुगतान में लगातार हो रही देरी से उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल ने पीएफ कमिश्नर से तत्काल हस्तक्षेप कर सभी लंबित दावों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने की मांग की. इस पर पीएफ कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के खातों का स्थानांतरण पुणे कार्यालय में होने के बाद प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी. उन्होंने कहा कि लंबित पीएफ दावों का शीघ्र सेटलमेंट कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. यूनियन ने उम्मीद जताई कि विभाग अपने आश्वासन के अनुरूप जल्द कार्रवाई करेगा, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनका लंबित पीएफ भुगतान समय पर मिल सके.







