जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को टिकट दलालों के खिलाफ चले विशेष अभियान में अधिकारियों ने विनोद पाटिल @पिलगर नामक टिकट दलाल को गिरफ्तार कर उसके पास से रेलवे टिकट एवं अन्य सामग्रियां बरामद की हैं. इस छापामारी में चक्रधरपुर मंडल रेलवे की फ्लाइंग टीम, टाटानगर आरपीएफ थाना एवं टाटानगर सीआइबी की संयुक्त छापामार टीम शामिल रही. (नीचे भी पढ़ें)
टाटानगर आरपीएफ के एएसआइ बलबीर प्रकसात के नेतृत्व में विशेष टीम ने ऑपरेशन उपलब्ध के तहत गुरुवार दोपहर टाटानगर स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया. स्टेशन परिसर में टिकट दलालों की सक्रियता की पुख्ता जानकारी पर चले इस अभियान के तहत टीम ने दोपहर 12.15 बजे के करीब दूसरे पीआरएस क्षेत्र में पहुंची तो वहां एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता दिखाई दिया. पूछने पर उसने अपना नाम पता तो सही बताया, किन्तु उसके पास से बरामद सामानों के बारे में वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया. आगे पूछने पर उसने स्वीकार किया कि वह कमीशन कमाने के लोभ में रेलवे टिकट की खरीद एवं आपूर्ति कर रहा है. पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम विनोद पाटिल उर्फ पिलगर बताया जो बागबेड़ा क्षेत्र का निवासी बताया. इसके बाद आरपीएफ अधिकारियों ने पकड़ाये विनोद पाटिल उर्फ विलगर को हिरासत में ले लिया एवं उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.




