
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के आउट गेट के निकटस्थ चाईबासा स्टैंड से टैंपो चलाने वाले चालक इन दिनों स्थानीय असामाजिक तत्वों से भयाक्रांत हैं. उन्होंने जान-माल को लेकर भी खतरे की आशंका जतायी है. इस मसले को लेकर बुधवार को बेरोजगार टेंपो चालक संघ के बैनर तले चाईबासा स्टैंड के टेंपो चालक डीसी ऑफिस पहुंचे और एक ज्ञापन सौंप कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगायी है. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञापन में बताया गया है कि स्थानीय गोपाल मुखी, सुशांतो गोप उर्फ दादा तथा कुणाल दास उर्फ बाटा के द्वारा टेंपो चालकों से प्रतिदिन 130 रुपये व महीने में 3 हजार 900 रुपये रंगदारी वसूली जाती है. पिछले करीब डेढ़ वर्ष से ये लोग वसूली कर रहे हैं. यदि पैसा देने के मना करते हैं, तो मारपीट व गाली-गलौज की जाती है. इस वजह से सभी टेंपो चालक भय के कारण दो दिन से टेंपो नहीं चला पा रहे हैं. इसे ध्यान में रखते हुए संघ ने उपायुक्त से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, एसएसपी, धालभूम एसडीओ, टाटानगर रेलवे थाना व ट्रैफिक डीएसपी जमशेदपुर को भी प्रेषित की गयी है.



