जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत कुंजनगर में एक महिला से चेन छिनतई का मामला प्रकाश में आया है.घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोनारी कुंजनगर निवासी कामेश्वर यादव की पत्नी जब घर के बाहर टहल रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन छीन ली और फरार हो गए. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे. घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का जायजा किया.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला और जांच के आधार पर एक आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवक का नाम केशव झा है और वह भी कुंज नगर का निवासी है. केशव झा से पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके साथी के बारे में भी जानकारी मिली है. फिलहाल पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस ने बताया कि बुधवार को गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा. हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक आरोपी को पकड़ा और दूसरे को भी जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है. सोनारी थाना में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है और छानबीन जारी है.




