जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत पूर्वी घाघडीह पंचायत के मां तारानी कॉलोनी (रोड नंबर दो) में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए बंद घर को निशाना बनाया. चोरों ने गौरांग मंडल के घर की छत का टीन काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना के समय पूरा परिवार पैतृक गांव घाटशिला के सुरदा में श्राद्ध कर्म के लिए गया हुआ था.मिली जानकारी के अनुसार, गौरांग मंडल के पिता का बीते शनिवार को निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार श्राद्ध कार्यक्रम की तैयारी में गांव चला गया था. आगामी बुधवार को श्राद्ध का आयोजन होना था, जिसके लिए हाल ही में बैंक से 1.5 लाख रुपये नकद निकाले थे. इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.(नीचे भी पढ़े)

परिजनों के अनुसार, चोरों ने घर के अंदर घुसकर जमकर उत्पात मचाया. अलमारी, लॉकर, पलंग और सोफे तक को तोड़कर सामान खंगाला गया. चोरों ने 1.5 लाख नकद, सोने की चेन, कान के आभूषण, चांदी के बर्तन और भगवान की चांदी की मूर्ति समेत कई कीमती जेवर लेकर फरार हो गए.गौरांग मंडल के घर से कपड़ों का व्यवसाय भी संचालित होता था. चोरों ने वहां रखी महंगी साड़ियां और नए जींस पैंट के डिब्बों को भी नहीं छोड़ा और बड़ी मात्रा में कपड़े चोरी कर ली. घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजन लौटे और घर का ताला खोलने पर अंदर से कुंडी बंद मिली. छत के रास्ते अंदर जाकर देखा तो पूरा घर अस्त-व्यस्त था. घटना के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है. स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.



