जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित सुनसुनिया गेट के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई. सड़क पर वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद में शुभम कुमार नामक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया गया. घटना में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सुनसुनिया गेट के पास सड़क पर एक बड़ा वाहन खड़ा था. शुभम कुमार ने वाहन खड़ा करने वाले व्यक्ति से उसे हटाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान सामने वाले व्यक्ति ने चाकू निकालकर शुभम कुमार पर हमला कर दिया. चाकू लगने से शुभम घायल होकर गिर पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल शुभम ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल इलाज के लिए टीएमएच ले गए. परिजनों के अनुसार, शुभम की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान और तलाश में जुटी है. पुलिस विवाद के कारणों और चाकूबाजी की पूरी घटना की जानकारी जुटा रही है.




