जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती रोड में गुरुवार देर रात चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को घर के सदस्यों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. परिवार की सतर्कता के कारण आरोपी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका. बाद में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गयी है. इस संबंध में भाटिया बस्ती रोड निवासी लालू कुमार ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, गुरुवार रात करीब एक बजे यीशु मुखी उर्फ डेफनेट मुखी नामक युवक चोरी की नीयत से उनके घर में घुस आया. बताया गया है कि आरोपी चुपचाप घर के अंदर प्रवेश कर सामान पर हाथ साफ करने की कोशिश कर रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान घर में सो रहे परिवार के सदस्यों को किसी के घर में घुसने की आहट महसूस हुई. आवाज सुनते ही परिवार के लोग जाग गए और तुरंत सतर्क हो गए. जब उन्होंने घर के भीतर जांच की तो आरोपी को संदिग्ध हालत में पाया. परिवार के सदस्यों ने बिना देर किए उसे पकड़ लिया और शोर मचाया. शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. घटना की जानकारी तुरंत कदमा थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.







