
जमशेदपुर : गोलमुरी दस नंबर बस्ती की रहने वाली एक महिला की मौत इलाज के दौरान हो गयी. उक्त महिला कुंती देवी है, जिसकी उ़म्र करीब 60 साल है. कुंती देवी को पिछले दिनों इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. परिजनों का कहना था कि उक्त महिला को कोरोना का टीका भी लगवाया गया था. घर पर ही उक्त महिला को सांस लेने की दिक्कत हो गयी थी. पहले से ही महिला को दिल संबंधित बीमारियों की शिकायतें थी. उनको अस्पताल में दो दिनों पहले भर्ती कराया गया था. (पूरी खबर नीचे पढ़ें)
सुबह में अचानक से परिजनों को यह फोन किया गया कि उक्त महिला की मौत हो चुकी है. परिजन और उनके जानने वाले लोग किसी तरह अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे. परिजनों का आरोप था कि चिकित्सकों ने कभी भी नहीं बताया कि उनकी मौत भी हो सकती है. इन लोगों ने इतना हंगामा किया कि अस्पताल के मुख्य गेट पर भी ताला लगा दिया था. हंगामा की सूचना के बाद तत्काल गोलमुरी पुलिस पहुंची. पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गयी. इस मामले में पुलिस ने एफआइआर दायर करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हो पाया. इस मामले को लेकर अब तक गोलमुरी पुलिस को किसी तरह का लिखित आवेदन नहीं मिल पाया है.






