
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टिस्को ग्रोथ शॉप (टीजीएस) की अधिकृत यूनियन टिस्को मजदूर यूनियन से मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय को बाहर कर दिया गया है. राकेश्वर पांडेय खुद टिस्को ग्रोथ शॉप के कर्मचारी रहे है और 1 फरवरी 2020 से वे रिटायर हो गए. नियम के तहत अगर कोई कर्मचारी रिटायर कर जाता है तो उसको बाहरी मानते हुए किसी पद पर रखने के लिए को-ऑप्शन करना पड़ता है. लेकिन काफी चालाकी से मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय को उनके ही मातहतो ने उनको बाहर कर दिया. वर्षों से राकेश्वर पांडेय के साथ महासचिव के पद पर रहे शिवलखन सिंह ने खुद सोमवार को आनन-फानन में मीटिंग बुलाई और फिर खुद अध्यक्ष बन गए और नवीन सिन्हा को महासचिव मनोनीत कर दिया.

उन्होंने राकेश्वर पांडेय की जगह खुद पदाधिकारी बनते ही पूरी कमिटी बना दी, जिसमे खुद अध्यक्ष शिवलखन सिंह बन गए जबकि नवीन कुमार सिन्हा महासचिव, गणेश चंद्र उपाध्यक्ष, दिनेश उपाध्याय सह सचिव, कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार महतो जबकि कौशल कुमार, मिंटू पात्रा, ओमप्रकाश पाठक, रंजन कुमार और प्रभाय कुमार शामिल है. दूसरी ओर, यूनियन के निवर्तमान अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी लोगो की कारस्तानी है और यह समस्या का हल हो जाएगा.
वैसे शिवलखन सिंह खुद नवम्बर 2020 को रिटायर हो जाएंगे. शिवलखन सिंह और राकेश्वर पांडेय के बीच काफी दिनों से रस्साकशी चल रही थी और मौका देखते ही राकेश्वर पांडेय को शिवलखन ने सारी प्रक्रिया को धता बताते हुए बाहर का रास्ता दिखा दिया.


















