गालूडीह : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में जिला स्तरीय प्रसार कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस अवसर पर घाटशिला प्रखंड की हेंदलजुड़ी ग्राम पंचायत को स्वच्छ और हरित पंचायत विषय पर तथा घाटशिला ग्राम पंचायत को महिला हितैषी पंचायत विषय में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया. ग्राम पंचायत हेन्दलजुड़ी की मुखिया मिर्जा हांसदा और ग्राम पंचायत घाटशिला की मुखिया को उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिह्न प्रदान किया गया. वर्ष 2022-23 में पहली बार पंचायत उन्नति सूचकांक बेसलाइन रिपोर्ट जारी की गयी थी। यह रिपोर्ट ग्रामीण विकास में साक्ष्य आधारित नीतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार की गयी है। इस सूचकांक के तहत जिले की कई पंचायतों ने विभिन्न विषयों पर उपलब्धि हासिल की है. उपायुक्त ने कहा कि इन पंचायतों द्वारा प्रस्तुत मॉडल अन्य पंचायतों को भी प्रेरित करेगाच. उन्होंने ग्रामीण विकास में पारदर्शिता, सहभागिता और नवाचार पर बल देते हुए सभी पंचायतों से 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में सहयोग देने की अपील की.














