जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र में बदहाल यातायात व्यवस्था, सड़क किनारे भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने यातायात विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. अप्पू तिवारी ने कहा कि गोलमुरी क्षेत्र में सड़क किनारे बड़े वाहनों के बेतरतीब खड़े रहने से सड़क की चौड़ाई कम हो रही है. वहीं, सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. रात के समय बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर और संकेतक के खड़े भारी वाहन स्थिति को और गंभीर बना देते हैं. उन्होंने प्रशासन से नो-पार्किंग जोन को चिन्हित कर सख्ती से लागू करने, भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था करने और सड़कों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की. इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरिकेडिंग, रोड साइन, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की गई. (नीचे भी पढ़ें)
अप्पू तिवारी ने कहा कि पीक आवर में विशेष यातायात निगरानी के साथ अवैध रूप से खड़े वाहनों पर चालान और जरूरत पड़ने पर टोइंग की कार्रवाई होनी चाहिए. पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के आधार पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रशासन को 48 घंटे का समय दिया गया है. यदि इस अवधि में प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो वे 48 घंटे बाद दोपहर 12 बजे से भूख हड़ताल पर बैठेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए होगा.




