रांची/जमशेदपुर: झारखंड के राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सरदार विक्रमजीत सिंह साहनी के रांची पहुंचने के अवसर पर झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच जमशेदपुर के सिख युवाओं द्वारा लंगर सेवा की गई. यह लंगर शिविर विश्व पंजाबी संगठन एवं सन फाउंडेशन की ओर से आयोजित किया गया. इस सेवा में जमशेदपुर के खालसा सेवा दल, साकची से जुड़े सिख युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय रूप से भाग लिया और आंदोलनरत छात्रों एवं उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की. सिख समुदाय की सेवा और मानवता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं ने छात्रों के बीच पहुंचकर लंगर वितरित किया. युवाओं ने कहा कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़ा होना और बिना किसी भेदभाव के सेवा करना सिख परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस अवसर पर खालसा सेवा दल, साकची के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद सरदार विक्रमजीत सिंह साहनी का कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए सहयोग के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कोविड के कठिन दौर में सरदार विक्रमजीत सिंह साहनी द्वारा 5 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराकर जरूरतमंदों की मदद की गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
उनके इस सहयोग से उस समय कई जरूरतमंद मरीजों को राहत मिली. सरदार विक्रमजीत सिंह साहनी ने भी सेवा में जुटे युवाओं और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने खालसा सेवा दल, साकची को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी जरूरत के समय इसी प्रकार का सहयोग जारी रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सहयोग, भाईचारा और जरूरतमंदों की सेवा देश की एकता एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करती है. जमशेदपुर के सिख युवाओं ने कहा कि सेवा का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और जरूरतमंदों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा. विश्व पंजाबी संगठन एवं सन फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस लंगर सेवा ने सेवा, मानवता, सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया.




