जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला सभागार में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में जमशेदपुर जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी व स्टेक होल्डर मौजूद रहे. सड़क सुर्घटनाओं की समीक्षा में यह बात सामने आई कि नेशनल हाईवे में हुई ज्यादातर दुर्घटनाओं में अनियंत्रित गति में वाहन चलाना तथा गलत दिशा में ड्राइविंग प्रमुख कारण रहे. मई माह में 35 सड़क दुर्घटना हुई जिसमें 20 लोगों की मृत्यु तथा 17 घायल हुए. हिट एंड रन के मामलों में अबतक 22 पीड़ित परिवारों को मुआवजा का भुगतान किया जा चुका है, 16 प्रक्रियाधीन हैं. जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जल्द से जल्द प्रक्रिया बढ़ाते हुए मुआवजा भुगतान का निर्देश दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
मई में 401 ड्राइविंग लाइसेंस संस्पेंड, 39 लाख रुपये से ज्यादा जुर्माना वसूला गया
ट्रैफिक डीएसपी की अनुशंसा पर मई माह में 401 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई की गई. वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए लोगों से 39 लाख 15 हजार 350 रूपए जुर्माना वसूला गया. शहरी क्षेत्र में 07 जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने को लेकर पूर्व में दिए गए दिशा-निर्देश में क्या प्रगति है इसका रिपोर्ट मांगा गया. जिले में पूर्व से चिन्हित 6 ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र के बडे़-बड़े होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया गया. (नीचे भी पढ़े)
शिक्षा विभाग को सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों में 18 वर्ष से कम उम्र के स्कूली बच्चों द्वारा दो पहिया वाहनों का इस्तेमाल नहीं करने को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी विद्यालयों में रोड सेफ्टी क्लब बनाते हुए प्रत्येक शनिवार को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने हेतु पेंटिग, लेख प्रतियोगिता करायें तथा पम्पलेट वितरण करें. एनएच एवं स्टेट हाईवे में ड्रंक एवं ड्राइव के कारण सड़क दुर्घटना नहीं हो इसके मद्दनेजर लाइन होटल एवं ढाबों में अवैध शराब बिक्री के विरूद्ध लगातार छापेमार कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया.











