
जमशेदपुर : बकरीद के मौके पर विधि व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव ने जिला सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए. बैठक में उप विकास आयुक्त मनीष कुमार, एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा, निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह, अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा, एसडीएम घाटशिला सत्यवीर रजक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. उपायुक्त ने दोनों एसडीओ को अनुमंडलवार सभी थाना क्षेत्रों में आहूत शांति समिति की बैठक से प्राप्त सुझावों पर उचित कदम उठाने के निर्देश दिए. बकरीद पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार से असामाजिक तत्वों द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट नहीं शेयर किया जा सके इसके लिए विशेष निगरानी रखे जाने का निदेश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर की उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी संयुक्त आदेश में सभी दण्डाधिकरी एवं थाना प्रभारी को 28 जून से ही ससमय खैरियत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया. विधि व्यवस्था के संधारण हेतु सुपर जोनल, जोनल दण्डाधकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में अवस्थित मस्जिदों, ईमामबाड़ा जहां नमाज अदी की जाती है, प्रात: 6 बजे से ही भ्रमणशील रहने एवं स्थिति पर निगरानी रखते हुए नमाज समाप्ति के उपरांत जिला कंट्रोल में अवगत कराने का निदेश दिया गया.











