जमशेदपुर : मंगलवार सुबह सुन्दरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां ट्रेन की चपेट में आने से 65 वर्षीय सिदयू सोय की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पुत्र कमल सोय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता सिदयू सोय रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान उन्हें रेलवे लाइन पार करनी थी. जैसे ही वे रेल पटरी पार करने लगे, तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई. ट्रेन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि सिदयू सोय संभल नहीं पाए और उसकी चपेट में आ गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और इसकी जानकारी तत्काल सुन्दरनगर थाना पुलिस को दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना पाकर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय ट्रेन की गति और परिस्थितियां क्या थीं. इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. वहीं परिजनों का कहना है कि यदि वहां उचित सुरक्षा व्यवस्था होती, तो शायद इस तरह की घटना को टाला जा सकता था.














