जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत सोपोडेरा शांतिनगर निवासी संतोष लोहार (37) का क्षत-विक्षत शव रविवार दोपहर गोविंदपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 के पास रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव की स्थिति गंभीर रूप से कटे होने के कारण शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान संतोष लोहार के रूप में की, जो पेशे से चालक था और सोपोडेरा शांति नगर में रहता था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की पुष्टि की.परिजनों के अनुसार, संतोष लोहार रविवार सुबह करीब 9 बजे घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, तभी दोपहर में उसकी मौत की सूचना मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.







