
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह स्थित करणडीह से होकर गुजरने वाली रेल लाइन पर बीती रात दर्दनाक हादसा हो गया. परसुडीह के करणडीह लाइन टोला निवासी 33 वर्षीय युवक शत्रुघ्न गोप पैदल ही करणडीह स्थित रेलवे लाइन को पार कर रहा था. पैदल ही वह लाइन पार कर रहा था कि अचानक रेलवे लाइन में बिछाये जाने वाले पत्थर पर उसका पैर पड़ गया और वह फिसलकर गिर गया. वह फिसलने के बाद बेहोश भी हो गया. किसी की नजर उस युवक पर नहीं पड़ी. पीछे से एक मालगाड़ी आ गयी. युवक बेहोश पड़ा था. मालगाड़ी उसके ऊपर से गुजर गयी. उसका दोनों पैर कट गया. जब युवक की आवाज निकली तो लोगों को लगा कि वहां कोई पड़ा हुआ है. वह रेलवे लाइन के पास का ही रहने वाला था. उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी गयी, जिसके बाद लोग उस ओर दौड़ गये. किसी तरह परिजन पैर और धड़ लेकर पहले परसुडीह के सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. सदर अस्पताल में उसका इलाज संभव नहीं हो पाया. इसके बाद उसको तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. एमजीएम अस्पताल में उसका इलाज शुरू कर दिया गया, लेकिन वह वहां से फिर से रांची के रिम्स अस्पताल में रेफर कर दिया गया. इसके कुछ देर बाद ही शत्रुघ्न गोप की जान चली गयी. उसकी मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल पसर गया. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. शत्रुघ्न की पत्नी के अलावा दो बच्चे भी है, जिनका भरन-पोषण की दिक्कत हो जायेगी क्योंकि वह अकेला शख्स था जो घर में कमाता था.






