जमशेदपुर : जमशेदपुर भोजपुरी साहित्य परिषद् के तत्वावधान में एवं सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/ तुलसी भवन के विशेष सहयोग से शहर की जानी पहचानी कवयित्री शकुंतला शर्मा रचित भोजपुरी गीत संग्रह ‘पिरितिया के डोर’ का मंगलवार को तुलसी भवन के मानस सभागार में लोकार्पण हुआ. लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि, जमशेदपुर को-आपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह तथा टाटा मोटर्स के पूर्व उप महाप्रबंधक डॉ चन्देश्वर खां एवं तुलसी भवन के न्यासी अरुण कुमार तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

तुलसी भवन के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मूनका की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में संस्था के अध्यक्ष डॉ प्रसेनजित तिवारी ने आगत अतिथियों का स्वागत किया. इसके पश्चात अतिथियों ने पुस्तक का विधिवत लोकार्पण किया. दिव्येन्दु त्रिपाठी ने पुस्तक पर विस्तार से अपने विचार रखे, जबकि माधवी उपाध्याय ने कवयित्री शकुंतला शर्मा का साहित्यिक जीवन परिचय प्रस्तुत किया. मौके पर मुख्य अतिथि डॉ सिंह ने कहा – मैं जीवन में पहली बार किसी मंच से भोजपुरी में बोल पाया हूं. विशिष्ट अतिथि मैथिली भाषी चन्देश्वर खां एवं राजस्थानी भाषी अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मूनका ने भी भोजपुरी में अपनी बातें रखीं. समारोह में शताधिक साहित्यकार व भोजपुरी प्रेमी उपस्थित रहे.



