जमशेदपुर : नगर की अग्रणी साहित्यिक संस्था ‘जमशेदपुर भोजपुरी साहित्य परिषद्’ के 60वें पुष्प के रूप में प्रकाशित ख्यातिलब्ध कवि कैलाशनाथ शर्मा गाजीपुरी के भोजपुरी गीत संग्रह “चलS चलीं गँउवां के ओर” का शनिवार को लोकार्पण हुआ. ‘सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/ तुलसी भवन’ के विशेष सहयोग से आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि आकाशवाणी जमशेदपुर के कार्यक्रम प्रमुख राजेश राय एवं विशिष्ट अतिथि तुलसी भवन के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मूनका,आमोद दुबे एवं अरुण सिंह आदि अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम की अध्यक्षता जमशेदपुर भोजपुरी साहित्य परिषद के अध्यक्ष डॉ प्रसेनजित तिवारी तथा संचालन परिषद की संयुक्त सचिव डॉ वीणा पाण्डेय भारती ने किया, जबकि स्वागत भाषण संस्था के प्रधान सचिव डॉ अजय कुमार ओझा एवं धन्यवाद ज्ञापन परिषद् की रीना सिन्हा सलोनी ने किया. कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की तस्वीर पर पुष्पार्पण के साथ हुआ, जिसके पश्चात अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण किया. इसके उपरान्त हरिहर राय चौहान ने पुस्तक पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कैलाशनाथ शर्मा ‘गाजीपुरी’ का यह गीत संग्रह ‘चल चलीं गंउवां के ओर’ सिर्फ गांव के प्रेम तक ही सीमित नहीं है, यह राष्ट्र प्रेम, भाषा प्रेम, नारी-विमर्श, बेरोजगारी, महामारी के साथ वीर कुंवर सिंह, वीर बिरसा मुंडा, अटल जी, टाटा जी, कैप्टन अब्दुल हमीद जैसे महापुरुषों तथा भोजपुरी के महान साहित्यकार डॉ रसिक बिहारी ओझा ‘निर्भीक’ जी पर वर्णनात्मक गीतों की लम्बी शृंखला है. यह गीत संग्रह ‘चलऽ चलीं गँउवा के ओर’ अपनी रसात्मकता, लयात्मकता, भावाभिव्यक्ति की गहराई और विचारों के आवेग के कारण प्रसिद्धि प्राप्त करेगा. (नीचे भी पढ़ें)
कवि कैलाशनाथ शर्मा गाजीपुरी का साहित्यिक जीवन परिचय डॉ उदय प्रताप हयात ने बड़े ही सुन्दर अंदाज में प्रस्तुत किया, मौके पर मुख्य अतिथि राजेश राय ने अपने संबोधन में श्री गाजीपुरी एवं उनकी रचनाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की. विशिष्ट अतिथि त्रय सुभाष चंद्र मूनका, आमोद दुबे एवं अरुण सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया. इस अवसर पर मुख्य रुप से डॉ उदय प्रताप हयात, नीलाम्बर चौधरी,वसंत जमशेदपुरी, सुरेश चन्द्र झा , प्रतिभा प्रसाद कुमकुम, हरभजन सिंह रहबर, बलविन्दर सिंह, अजय प्रजापति, शिव नन्दन सिंह, राजदेव सिन्हा, शकुन्तला शर्मा, नीता सागर चौधरी, शिव नन्दन सिंह, वरुण प्रभात, ममता कर्ण, अनिरुद्ध त्रिपाठी अशेष, सुस्मिता मिश्रा, जोबा माझी, शीला देवी, अशोक शुभदर्शी, ब्रजेन्द्र नाथ मिश्र, अशोक पाठक स्नेही, डॉ दिलीप ओझा, डॉ संजय पाठक स्नेही, राजेन्द्र गोस्वामी, कवलेश्वर पांडेय, बाल चन्द्र प्रसाद ,जितेश तिवारी, सुजय कुमार सहित शताधिक साहित्यकार एवं भोजपुरी प्रेमी उपस्थित रहे.














