जमशेदपुर : स्थानीय तुलसी भवन में “सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मलेन” और “मीडिया मंत्रा एक्टिंग अकादमी” के संयुक्त तत्वावधान में लगातार तीसरे वर्ष “अभिनय प्रशिक्षण कार्यशाला” का आयोजन किया जा रहा है. कार्यशाला आगामी 1 जून से 15 जून, 2026 तक प्रतिदिन संध्या पांच बजे से सात बजे तक बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के वातानुकूलित हॉल में संचालित होगी. प्रतिभागियों की उम्र कम से कम 13 वर्ष होनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
तुलसी भवन के मानद महासचिव प्रसेनजित तिवारी के अनुसार वरिष्ठ रंगकर्मी हरि मित्तल इस कार्यशाला का संचालन करेंगे, जिसमें प्रतिभागियों को मंच और फिल्म अभिनय की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा. विभिन्न खेलों और तत्काल-रचना (इम्प्रोवाइजेशन) के माध्यम से अभिनय कला के विभिन्न आयामों का प्रशिक्षण दिया जाएगा. सिद्धांत और प्रयोग के स्तर पर यह बताया जाएगा कि अभिनेता द्वारा पात्र के मनोभाव का निर्माण कैसे किया जाता है तथा उसे व्यक्त करने के लिए अपने शरीर, आंखों, चेहरे और स्वर का प्रभावशाली उपयोग कैसे किया जा सकता है. इसके लिए योग और प्राणायाम के महत्त्व को रेखांकित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि समापन संध्या में एक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी प्रतिभागी मंच पर एकल संवाद पर अभिनय प्रस्तुत कर अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन करेंगे. श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी पुरस्कृत किये जाएंगे. श्री तिवारी ने बताया कि सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन शहर में रंगकर्म के उत्थान के लिए सदैव तत्पर है और उसके संसाधन गंभीर रंगकर्म के लिए हमेशा उपलब्ध हैं. उन्होंने बताया कि विजय भूषण कार्यशाला के संयोजक होंगे. उन्होंने कहा कि कार्यशाला में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 94311108 94 या 98351606 19 पर अपना नाम, जन्मतिथि, फोन नम्बर तथा एक फोटो भेज कर पंजीकरण करा सकते हैं. उन्होंने बताया कि यह कार्यशाला पूर्णत: नि:शुल्क होगी.







