
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत रामदास भट्ठा दर्जी लाइन निवासी 65 वर्षीय आदि लक्ष्मी उर्फ आदि अम्मा से स्कूटी सवार दो युवकों ने गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया. असफल होने पर दोनों मौके से भागने लगे. स्थानीय लोगों ने भी उन्हे पकड़ने का प्रयास किया पर भागने के क्रम में दोनों ने स्कूटी को मोहल्ले के पास बहने वाले नाले के पास ही छोड़ दिया. इधर स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी को जब्त कर थाने ले गई. पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी की भी जांच कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि हर रोज की तरह आदि अम्मा घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी. इसी बीच स्कूटी सवार दो युवक आए और उनके पास स्कूटी रोककर चेन छीनने का प्रयास किया. जब चेन छीनने में असफल हुए तो दोनों भागने लगे. भागने के क्रम में जब दोनों नाले के पास पहुंचे. दोनों ने स्कूटी को नाले के पास ही छोड़ दिया और दौड़ते हुए नाले के उस पार भाग गए.




