
जमशेदपुर : एक ओर जहां पूरा देश डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल कर रहा है वहीं दूसरी ओर मादक पादर्थ की बिक्री करने वाले भी पीछे नहीं हैं. मंगलवार को उलीडीह पुलिस ने गांजा बेच रहे धालभूमगढ़ निवासी रविंद्र नाथ महतो उर्फ लादेन को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से 6 पुड़िया गांजा (36 ग्राम), पांच गोगो के अलावा एक बारकोड बरामद किया है. पुलिस ने जब उससे बारकोड के बारे में जानकारी ली तो रविंद्र ने पुलिस को बताया कि वह गांजा बेचने के बाद बारकोड के माध्यम से ही पेमेंट रीसिव करता था. इससे उसे नकद की परेशानी नहीं होती थी. पुलिस ने जब बारकोड की जांच की तो पाया कि बारकोड किसी धीरज कुमार साह के नाम का है. इस मामले में एसआई युधिष्ठिर कुमार प्रजापति के बयान पर रविंद्र और धीरज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के लहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने रविंद्र को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.






