जमशेदपुर : जमशेदपुर में शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश ने शहर के कई इलाकों में तबाही मचाई. सबसे अधिक परेशानी गरीब और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को झेलनी पड़ी. मानगो अंचल अंतर्गत एनएच-33 किनारे स्थित तुरियाबेड़ा गांव में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां जर्जर मिट्टी की दीवार गिरने से एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, रासु हेंब्रम अपने घर के अंदर बैठे हुए थे, तभी अचानक कमजोर हो चुकी मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई. दीवार का मलबा उनके पैर पर गिरने से वह उसमें दब गए, जिससे उनके पैर की हड्डी टूट गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है. परिजनों ने बताया कि पिछले कई दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण मिट्टी की दीवार पहले से कमजोर हो चुकी थी. हादसे में पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है.







