जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र स्थित मनपीटा ग्राम में बिना ग्रामसभा की अनुमति के सरकारी योजना के लिए भूमि की मापी कराये जाने के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन किया. ग्रामसभा की अगुआई में पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि वे योजना की पूरी जानकारी दिये बिना एवं ग्रामसभा की अनुमति लिये बिना वहां कोई काम नहीं करने देंगे. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि गोविंदपुर थानांतर्गत मनपीटा गांव के निवासियों ने गांव में सरकारी योजना के लिए भूमि की मापी का काम रोकवा दिया है. ग्रामीणों के अनुसार ग्रामीणों को कोई जानकारी दिये बिना या ग्रामसभा की अनुमति लिये बिना सरकारी योजना के लिए जमीन की मापी की जा रही थी, जिसे उन्होंने बंद करा दिया.(नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने जब सरकारी योजना की जानकारी चाही तो उन्हें कोई जानकारी देने से मना कर दिया गया. इसके विरोध में ग्रामीणों ने भूमि मापी का काम बंद करा दिया. उन्होंने कहा कि ज़ब तक ग्रामीणों को योजना की जानकारी नहीं दी जाती एवं ग्राम सभा में इस पर विचार-विमर्श नहीं किया जाता, तब तक उक्त स्थान पर कोई कार्य नहीं करने दिया जायेगा.



