रांची : झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला आने वाले है. 25 मई को वे नयी दिल्ली से रांची एयरपोर्ट पर सुबह 9 बजे पहुंच जायेंगे. इसके बाद वे हां से निकलकर रांची के बिरसा चौक जायेंगे, जहां वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद वे रांची के राजभवन जायेंगे, जहां वे ठहरेंगे. इसके बाद वे सुबह 11.25 बजे राजभवन से रांची एयरपोर्ट जायेंगे. वहां से वे चार्टर्ड प्लेन से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे. इसके बाद वे वहां से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्लेटिनम जुबिली समारोह में हिस्सा लेंगे. दोपहर दो बजे तक वे इस कार्यक्रम में भाग लेंगे. दोपहर 2 बजे के बाद वे वहां से बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर भवन जायेंगे, जहां वे कारोबारियों के साथ बैठक करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

करीब एक घंटे तक वहां रुकने के बाद वे वापस सोनारी एयरपोर्ट दोपहर 3 बजे पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे रांची एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे. वहां से वे राजभवन जाएंगे. उसी दिन शाम को वे रांची के डागराटोली के स्वर्णभूमि सभागार में नागरिक अभिनंदन में भाग लेंगे. देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ इसमें हिस्सा लेंगे. उनके साथ वे वहां लोगों से मिलेंगे. राजभवन में वे रात्रि विश्राम करेंगे. फिर वे सोमवार 26 मई को रांची के करुणा सदन में जायेंगे. वे वहां करीब एक घंटे तक पार्क का भ्रमण करेंगे. फिर वहां से रांची एयरपोर्ट से वापस नयी दिल्ली पहुंच जायेंगे. उनके आगमन को लेकर जमशेदपुर में जबरदस्त तैयारी की गयी है. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अलावा भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी समेत तमाम लोगों ने उनके स्वागत में कई बैनर लगाये है. उनके स्वागत की जोरदार तैयारी की गयी है.











