
जमशेदपुर:जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत हरहरगुट्टू निवासी पूजा सिंह (29) को उसी के ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले तो दहेज के लिए प्रताड़ित किया और उसे जहर पिला दिया. घटना के बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती किया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इधर पूजा के मायके पक्ष के लोगों ने थाने में दहेज के लिए हत्या करने का मामला दर्ज कराया है. मामले के संबंध में मृतक की मौसी अनु गुप्ता ने बताया कि पूजा की शादी 11 जुलाई 2019 को हरहरगुट्टू निवासी सुबोध सिंह के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही पति सुबोध सिंह, ससुर जगन्नाथ सिंह और जेठ प्रमोद सिंह उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे. (नीचे भी पढ़ें)
उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. 3 मई को पूजा ने उन्हें मैसेज किया की ससुराल पक्ष के लोग उसे मार देना चाहते है. वे भागी भागी उसके घर गई तो देखा की अनु अपने घर के बाथरूम में पड़ी हुई है और उल्टी कर रही है. उन्होंने तत्काल 100 डायल कर पुलिस को सूचित किया और एंबुलेंस की मदद से उसे इलाज के लिए टीएमएच लेकर गए जहां उसका इलाज चल रहा था. जहर पिलाने की वजह से वह कुछ बोल नहीं पा रही थी. शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने कांग्रेस नेता चंदन सिंह को फोन कर इसकी सूचना दी. सूचना पाकर चंदन सिंह भी टीएमएच पहुंचे और परिजनों की हरसंभव मदद की. इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार है.



