जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो जवाहरनगर रोड नंबर 6 की रहने वाली 40 वर्षीय मनीषा ओझा ने स्वर्णरेखा में कूदकर आत्महत्या कर ली है. गुरुवार की देर शाम मनीषा ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगाई थी. शुक्रवार को उसका शव धालभूमगढ़ में स्वर्ण रेखा नदी से मिला है. धालभूमगढ़ थाना पुलिस ने इसकी जानकारी साकची थाना पुलिस को दी. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शव पोस्टमार्टम हाउस के शव गृह में रखवा दिया गया है. शनिवार को उसका पोस्टमार्टम होगा. मनीषा ओझा के पति प्रदीप ओझा जमीन का कारोबार करते हैं. उनकी दो बेटियां हैं. प्रदीप के पिता भी अब इस दुनिया में नहीं हैं. पति ने बताया कि उनकी पत्नी कई दिनों से तनाव में थी. गुरुवार को देर शाम को मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी. लेकिन वापस नहीं आई तो उन्होंने तलाश करना शुरू किया. सभी रिश्तेदारों के यहां पता लगाया लेकिन कहीं पता नहीं चला. बाद में वह साकची के स्वर्णरेखा घाट पहुंचे. जहां एक महिला ने बताया की एक महिला आई थी और चप्पल उतारकर लगभग 15 मिनट तक खड़ी रही, जिसके बाद नदी में छलांग लगा दी और महिला ने जो हुलिया बताया वह मनीषा का ही था. इसके बाद मनीषा के पति ने घटना की जानकारी साकची थाना को दी थी. शुक्रवार को शव मिलने के बाद मनीषा के पति प्रदीप ओझा धालभूमगढ़ गए. उनके सामने शव का पंचनामा हुआ और शव पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर भेजा गया.















