जमशेदपुर : घर वाले मेरी शादी मेरी मर्जी के खिलाफ करना चाह रहे थे, विरोध करने पर माता पिता और भाभी उसे शारीरिक और मानसिक रुप से प्रताड़ित करते थे. इसी से तंग आकर मै घर से भाग गई. ये कहना है परसुडीह के सरजामदा से भागी एक 17 वर्षीय नाबालिग की. नाबालिग ने एक वीडियो बनाकर और लिखित में परसुडीह पुलिस को भेजा है. नाबालिग ने वीडियो में बताया है कि वो अपना लिखित बयान पुलिस को दे रही है कि वह नाबालिग है लेकिन उसके माता पिता उसकी शादी उसके इच्छा के विरुद्ध करना चाह रहे है. शादी करने से मना करने पर माता-पिता और भाभी उसे प्रताड़ित करते थए. परेशान होकर वह अपना घर छोड़कर सहेली के घर पर है जहां वह खुश और सुरक्षित है. अगर उसके घर वाले किसी भी तरह की शिकायत करते है तो इसपर उचित जांच कर ली जाए ताकि किसी पर कोई कार्रवाई ना हो. वह किसी के साथ नहीं भागी है और ना ही किसी ने उसे बहला फुसला कर रखा है. इस मामले में थाना प्रभारी विमल किंडो ने बताया कि मामला 8 अगस्त का है. नाबालिग के परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.






