जमशेदपुर: शनिवार को जेवियर पब्लिक स्कूल डोरकासाई और ज़ेवियर पब्लिक स्कूल गोविंदपुर शाखा के बीच क्रिकेट और खो-खो मैच का आयोजन किया गया. यह खेल प्रतियोगिता बोनगोड़ा काली मंदिर के सामने स्थित मैदान में आयोजित हुई. इस कार्यक्रम में कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

लड़कियों की खो-खो टीम और लड़कों की क्रिकेट टीम ने भाग लेकर प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया. खो-खो का मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा. चार राउंड तक स्कोर बराबरी पर रहता रहा, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ती गयी. अन्ततः पांचवे राउंड में ज़ेवियर पब्लिक स्कूल गोविंदपुर शाखा की टीम ने विजयी होकर बाज़ी मार ली. इस मुकाबले की मैच की श्रेष्ठ खिलाड़ी बनी कक्षा 10 की छात्रा विद्या शर्मा, जिन्होंने अद्भुत प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद क्रिकेट मैच खेला गया, जो कुल 12 ओवरों का था. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए डोरकसाई शाखा की टीम ने 144 रन बनाए. इसके जवाब में गोविंदपुर शाखा की टीम केवल 45 रन ही बना सकी. इस मैच के श्रेष्ठ खिलाड़ी रहे कक्षा 10 के गौरव महाकुर, जिन्होंने 65 रनों की शानदार पारी खेली. इस खेल आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु ज़ेवियर पब्लिक स्कूल के समूह निदेशक सुनील सिंह, उप निदेशक निभा सिंह, गोविंदपुर शाखा की निदेशिका रूपा महतो, मनोज दास तथा विद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे. उनके सहयोग और मार्गदर्शन से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ. कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों और मैच के श्रेष्ठ खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.



