जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश यूथ इंटक के अध्यक्ष सत्यम सिंह के निर्देशानुसार, झारखंड प्रदेश यूथ इंटक के सोशल मीडिया प्रभारी रितेश राय जैकी एवं पूर्वी सिंहभूम यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष शुभम शुक्ला द्वारा सीतारामडेरा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन के माध्यम से सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी, अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई. ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में स्मैक, गांजा, नशीली दवाओं एवं अवैध शराब जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं. नशे का बढ़ता कारोबार विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है. इसके साथ ही नशे की लत के कारण चोरी, छिनतई, अड्डेबाजी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी की आशंका भी बनी हुई है, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
रितेश राय जैकी ने प्रशासन से मांग की कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर दोषियों की पहचान की जाए और उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए. इसके अलावा जिन स्थानों पर नशाखोरी एवं असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें अधिक हैं, वहां नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है. नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन को सख्ती के साथ-साथ निरंतर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि नशाखोरी एवं अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो यूथ कांग्रेस द्वारा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा. संगठन आम नागरिकों की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा. मौके पर नवीन यादव, निक्कू सिंह, अभिषेक यादव, विशाल कुमार, जिसु, अभिषेक सिंह, कुश एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.




