
जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर शहर स्थित मानगो गुरुद्वारा बस्ती निवासी सरदार दयाल सिंह के 34 वर्षीय पुत्र तरनप्रीत सिंह उर्फ सैमी की फिलीपींस की राजधानी मनीला में अपराधिक तत्वों ने गोली मार कर हत्या कर दी. घटना रविवार को वहां के समय अनुसार दोपहर तकरीबन 12:00 बजे की है. तरनजीत का फिलिपिंस में रेस्टोरेंट का कारोबार है. वह लॉकडाउन के दौरान ही घर आया था. लॉकडाउन खुलने के बाद वह वापस फिलिपिंस चला गया था. इधर घटना की सूचना पाकर परिजन फिलिपिंस के लिए रवाना हो चुके हैं. तरनप्रीत सिंह झारखंड सिख विकास मंच के केंद्रीय अध्यक्ष एवं जनता दल यू के पूर्व जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह पप्पू का भांजा था. वहां मनीला में उसने अपना रेस्टोरेंट खोल रखा था. जानकारी के अनुसार ग्राहक बन कर दो युवक आये और उन्होंने आइसक्रीम देखने का उपक्रम किया और पिस्तौल निकाली. स्थिति भांपकर तरनप्रीत वहां से भागा, परंतु हत्यारे दौड़ कर उसके पीछे गए सर से सटाकर दो गोली और सीने से सटाकर दो गोली मार दी. जानकारी के अनुसार उसके मामा सरदार कुलदीप सिंह, जो सीतारामडेरा निवासी हैं, वह उसे मनीला अस्पताल ले गये, जहां उसकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

अब विडंबना यह है कि भारत के साथ सीधी हवाई सेवा नहीं है और उसका पार्थिव शरीर भारत-झारखंड में नहीं लाया जा सकता है. परंतु भारत सरकार का केंद्रीय विदेश मंत्रालय, विदेश मंत्री और फिलीपींस के राजदूत यदि चाहें तो बुजुर्ग माता-पिता को उसका पार्थिव शरीर का दर्शन हो सकता है. मृतक के परिजनों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं विदेश मंत्री से अपील की है कि पीड़ित परिवार को वहां के कानून के अनुसार न्याय मिले. उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी इस संबंध में अपील की है, ताकि वे अपने स्तर से भारत सरकार से संपर्क कर पार्थिव शरीर को जमशेदपुर लाने में पीड़ित परिवार को सहयोग करें.






