जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हावड़ा जिले के टिकियापाड़ा के पास एक बोलेरो गाड़ी से चार किलो सोना और पांच लाख रुपये नकद बरामद किया है. इस कार्रवाई में जमशेदपुर के चार युवकों को हिरासत में लिया गया है. ग्रामीण एसपी हावड़ा को सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन में करोड़ों रुपये मूल्य का सोना और नकदी लाई जा रही है. सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बोलेरो को टिकियापाड़ा में रोक लिया. तलाशी के दौरान गाड़ी से 4 किलो सोना और नकदी बरामद की गई. हिरासत में लिए गए युवकों में जमशेदपुर के सोनारी पंचवटीनगर निवासी नितिन सिंह, मानगो बालीगुमा निवासी प्रवीण सिंह और टेल्को भुवनेश्वरी मंदिर के पास रहने वाले सुमित रजक शामिल हैं. वहीं बोलेरो चालक का नाम और पता अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है फिलहाल बंगाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोना कहां से लाया जा रहा था और किसे सप्लाई किया जाना था. इस पूरे मामले पर जमशेदपुर के एक सोना व्यापारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि कोलकाता या अन्य बड़े शहरों से कमीशन पर सोना लाने का काम कुछ लोग करते हैं. वहां से सोना लाकर जमशेदपुर के विभिन्न सोने की दुकानों में मांग और जरूरत के अनुसार सप्लाई किया जाता है. इसी खेल का यह हिस्सा हो सकता है.




