जमशेदपुर : मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 स्थित जाकिर नगर निवासी 34 वर्षीय ऑटो चालक जाकिर का शव 6 अगस्त को बरामद होने के बाद शुक्रवार, 7 अगस्त को जाकिर नगर कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया. जाकिर आलम 2 अगस्त से लापता था. अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने आजादनगर थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जाकिर के लापता होने की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने उनकी तलाश में गंभीरता नहीं दिखाई. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक की पत्नी रेशमा खातून ने दावा किया कि उनके पति ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि शव पर चोट के निशान थे और जीभ बाहर निकली हुई थी. साथ ही जाकिर का ऑटो भी अब तक बरामद नहीं हुआ है, जिससे परिवार की आशंका और गहरा गई है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि जाकिर की मौत के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी.




