
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके बोड़ाम प्रखंड की बेल्डीह पंचायत के पाकोटोड़ा सबर बस्ती में जिला परिषद के उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह पहुंचे. उन्होंने वहां उनके जीवन स्तर को देखा और समाज के अंतिम व्यक्ति के साथ अपना समय व्यतीत किया. राजकुमार सिंह ने वहां जाकर देखा तो पता चला कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने समाज के जिस अंतिम व्यक्ति की बात की है, वह कैसा होता है. पीएलवी निताई चंद्र गोराई ने बताया था कि तामुकबेड़ा टोला में रहनेवाले आदिम जनजाति के ये सबर आज भी आदिम युग में जी रहे हैं. वहां पहुंचने पर उनकी हालत देखकर मन व्यथित हो गया. सोचा दीवाली के मौके पर इनके चेहरे पर थोड़ी मुस्कान बिखर जाये, तो जो रोशनी फैलेगी, वह हजार रंगीन बल्बों से अधिक रंगीन होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के निर्देश का पालन करते हुए पटमदा के लावा गांव के कुम्हार से दीये खरीदे और अपने सबरों के लिए दीया, बत्ती, तेल और मिठाई लेकर गये. राजकुमार सिंह ने बताया कि कहते हैं, अहसास को शब्दों की जरूरत नहीं होती. वह तो भावों से अभिव्यक्त होता है. तसवीर में इन मासूम बच्चों और भोले सबर भाईयों को देखिए. उन्हें खुशी और हंसी के दो पल देकर मैंने संसार का सारा सुख पा लिया है.





